किसी की नहीं आ सकी है रिपोर्ट
दीपावली पर घरों में मेहमानों के स्वागत से लेकर उपहार देने तक के लिए मिठाइयों की खरीदारी की जा रही है। इसी मांग का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी घटिया खोया, मिलावटी घी, नकली पनीर और प्रतिबंधित रंगों से तैयार मिठाइयां बाजार में खपाने की कोशिश करते हैं। खाद्य विभाग की टीम ने बीते दो माह में करीब 400 से अधिक नमूने जांच के लिए लैब भेजे, लेकिन रिपोर्ट किसी की नहीं आ सकी है।
एडीएम सिटी कोर्ट में वाद दायर किया गया
ऐसे में जब तक रिपोर्ट आएगी तब तक तो मिलावटी मिठाइयों की खपत हो चुकी होगी। खाद्य विभाग की टीम की ओर से लिए नमूनों की रिपोर्ट प्रत्येक माह आती रहती है। इस वर्ष जनवरी से लेकर सितंबर माह में सबसे ज्यादा फेल नमूनों की रिपोर्ट अप्रैल माह में 118 की आई। वहीं, जनवरी में 35, मार्च में 55, अप्रैल 118, मई 71, जून 89, जुलाई 45, अगस्त 30, सितंबर 46 नमूनों की फेल रिपोर्ट आई। सभी के खिलाफ एडीएम सिटी कोर्ट में वाद दायर किया गया।
ऐसे पहचानें मिलावटी मिठाई और खाद्य पदार्थ
- खोया (मावा)- असामान्य रंग, गंध और बनावट पर ध्यान दें। बहुत ज्यादा चिकनाहट या अजीब स्वाद होने पर खरीदने से बचें।
- पनीर- जरूरत से ज्यादा सख्त या रबर जैसा पनीर संदिग्ध हो सकता है। स्टार्च की जांच के लिए प्रयोगशाला परीक्षण जरूरी है।
- मिठाइयां - बहुत अधिक चमकीले या असामान्य रंग वाली मिठाइयां न खरीदें। खुले में रखी मिठाइयों से बचें।
- घी- असामान्य गंध, स्वाद और बनावट पर ध्यान दें। वनस्पति या दूसरे तेल की मिलावट की आशंका होने पर जांच कराएं।
- खाद्य तेल- रंग, गंध और तलछट में असामान्यता दिखने पर सतर्क रहें। सरसों के तेल में अर्जेमोन तेल जैसी खतरनाक मिलावट की आशंका रहती है।
- पैक मिठाई- निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, सामग्री और खाद्य लाइसेंस की जानकारी जरूर देखें।
टीम लगातार छापे मारकर नमूने ले रही है। सैंपल लैब भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आ गई है और जुर्माना नहीं जमा किया उनके खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया गया है। मिठाई खरीदने से पहले अपने विवेक का भी इस्तेमाल करें। -संजय प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य