विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था
मूलरूप से घाटमपुर के मोतीपुर गांव निवासी प्रमोद सचान किसान हैं। परिवार में पत्नी विभा, बेटा प्रांशु और बेटी चांदनी हैं। प्रांशु की तैनाती अंबेडकरनगर जिले की टांडा कोतवाली में थी। मंगलवार को वह विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था। पहले कानपुर देहात के रसूलाबाद और फिर कानपुर नगर के बिधनू में सम्मन तामील कराया। इसके बाद उसे फतेहपुर जाना था। रास्ते में पिता मिल गए,तो उन्हें भी बाइक पर बैठा लिया।
डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया
फतेहपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बक्सर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे। बाइक पर पीछे बैठा प्रांशु डंपर के पहिये के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। प्रांशु की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
टाटमिल पर एक घंटे तक नहीं मिला रास्ता
एंबुलेंस से कानपुर आते समय टाटमिल चौराहे पर जाम ने रास्ता रोक दिया। पिता प्रमोद के मुताबिक, करीब एक घंटे तक एंबुलेंस वहीं फंसी रही। प्रांशु के शरीर से लगातार खून बह रहा था। वह कभी हाथों से रक्तस्राव रोकने की कोशिश करते तो कभी गमछे से घाव पर दबाव बनाते। बेटे की हालत बिगड़ती देख एंबुलेंस से उतरकर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाई। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से भी बार-बार विनती की। पुलिसकर्मी एंबुलेंस निकलवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वाहनों की लंबी कतारों के चलते रास्ता नहीं बन सका।
डॉक्टरों ने कहा- लाने में देर हो चुकी है
पिता का आरोप है कि भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली के कारण शहर में जगह-जगह जाम लगा था। टाटमिल से हैलट पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लग गए। किसी तरह एंबुलेंस हैलट पहुंची, तो पिता को उम्मीद थी कि डॉक्टर बेटे को बचा लेंगे, लेकिन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने पिता से कहा कि अस्पताल लाने में देर हो चुकी है। यह सुनते ही वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। इकलौते बेटे को खोने के सदमे में पिता फूट-फूटकर रोने लगे।
हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव...
पोस्टमार्टम हाउस में पिता प्रमोद सचान बेटे को याद कर बार-बार बिलख पड़े। उन्होंने बताया कि जाम में एंबुलेंस फंसने के बाद वह सड़क पर उतरकर लोगों से रास्ता मांगते रहे। उनकी जुबान पर बस यही गुहार थी- 'हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव।' कभी पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़े तो कभी भीड़ से रास्ता देने की विनती की, लेकिन उनकी गुहार के बावजूद एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। बृहस्पतिवार को प्रांशु के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को घाटमपुर के मोतीपुर गांव ले जाएंगे। गांव में पुलिस विभाग की ओर से उसे अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।