यूपी के हरदोई जिले में बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटरी बिछुईया से लापता किसान का शव गंगा पार कटरी बिछुईया में गड्ढे में दफन मिला। प्राथमिक जांच में शराब पीने के दौरान दो लोगों में विवाद हो गया था।
इस दौरान किसान की पीटकर हत्या कर शव दफन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने क्षतविक्षत शव को गड्ढे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कटरी बिछुईया निवासी रामोद (24) 13 सितंबर की शाम गंगा के दूसरी ओर कटरी महादेवा में खेतों की तरफ गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजन उसकी तलाश करते रहे।
कोई सुराग न मिलने पर शुक्रवार को उसके भाई गुड्डू ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रामोद की तलाश में परिजन शनिवार की सुबह भी कटरी महादेवा गए। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने एक स्थान से बदबू आने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई।