चुनावी रंजिश में थाना क्षेत्र के सहजोरा गांव के ग्राम प्रधान की शनिवार शाम कार सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय ग्राम प्रधान पचोर बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। एसपी ग्रामीण, सीओ, कई थानों की फोर्स, फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। परिजनों ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है।
शनिवार शाम करीब पांच बजे सहजोरा ग्राम प्रधान अनूप बेरिया (40) निवासी हुलकापुर अपनी बाइक से पचोर गांव सब्जी लेने आए थे।
शाम को करीब सात बजे अनूप घर लौट रहे थे, तभी सहजोरा मोड़ के समीप रायगोपालपुर मार्ग पर सामने से आ रही एक मारुति 800 कार से उतरे चार लोगों ने अनूप को रोक लिया। अनूप के रुकते ही कार सवार लोगों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। कई गोलियां लगने पर अनूप वहीं गिर पड़े और हमलावर कार से तातियागंज की ओर भाग निकले। थोड़ी ही देर में सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
परिजन भी आ गए। अनूप के भाई संजीव ने पुलिस को बताया कि चुनावी रंजिश में प्रतिद्वंद्वी संतोष बेरिया, सोनू, अरविंद ने भाई की हत्या की है। इनके खिलाफ रिपोर्ट की अर्जी दी जा रही है। प्रधानी के चुनाव के समय भी इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी। अनूप के परिवार में पत्नी उषा, तीन बच्चे प्रिया (10), अभिराज (8), समृत (6) हैं। एसपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपियों की तलाश में टीमें बना दी गई हैं।