चकेरी में रविवार देर रात चार युवकों ने आठवीं कक्षा की छात्रा को अगवाकर चलती कार में गैंगरेप किया। लहूलुहान छात्रा को दरिंदे उन्नाव के नवाबगंज में टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे सूनसान में फेंककर भाग निकले। आधी रात के बाद होश आने पर छात्रा ने एक राहगीर के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।
परिजन वहां पहुंचे और छात्रा को अस्पताल ले गए। चकेरी इंस्पेक्टर का कहना है कि छात्रा के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
चकेरी की शिवगोदावरी चौकी क्षेत्र में एक टेनरी कर्मी परिवार के साथ रहता हैं। इनकी 15 साल की बेटी इलाके के एक स्कूल में पढ़ती है। टेनरी कर्मी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी की तबियत खराब है। रात साढ़े आठ बजे उनकी बेटी मुहल्ले में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर मां के लिए दवा लेने गई थी।
रास्ते में कार सवार चार युवकों ने जबरदस्ती उसे गाड़ी में बैठा लिया और कानपुर-लखनऊ हाइवे पर चलती कार में चारों युवकों ने बेटी से रेप किया। विरोध और शोर मचाने पर मारपीट की। दो घंटे तक हैवानियत के बाद दरिंदे उसे टोल प्लाजा के पास सूनसान जगह फेंक कर भाग निकले। बेहोश लड़की देर तक पड़ी रही।
होश में आने पर लड़की रोड पर आई और एक राहगीर को रोककर घरवालों को खबर दी। देर रात परिवार के लोग पहुंचे और छात्रा को लेकर अस्पताल भागे। चकेरी इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि छात्रा ने मुहल्ले के शादाब, साकिब और उनके दो साथियों पर कार में रेप का आरोप लगाया है। इनके खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई थी। इंस्पेक्टर के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक आरोपी की छात्रा से दोस्ती थी। छात्रा का मेडिकल कराया जाएगा।