नर्वल में शनिवार रात किसान राम प्रसाद केवट उर्फ कादर खान (48) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव रविवार को पाली-पाल्हेपुर लिंक रोड पर खेत में मिला। पुलिस के हादसा बताने पर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस अफसरों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। सिर पर भी चोट मिली है। रिपोर्ट में पता चला है कि किसी डंडेनुमा चीज से गला दबाया गया, जिससे गले की हड्डी टूट गई।
सीओ सदर अमित राय ने बताया कि पत्नी शिवरानी ने गांव के मकसूद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। मकसूद के अलावा फारुख, दिलीप यादव और मनीष प्रजापति को भी हिरासत में लिया गया है।
वहीं सूत्रों के अनुसार अवैध संबंधों में बाधक बनने पर रामप्रसाद की हत्या की गई है। नर्वल केपाल्हेपुर गांव निवासी रामप्रसाद शराब के लती थे।
पत्नी शिवरानी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे बिजली जाने पर रामप्रसाद घर से निकल गए थे। और रात 10 बजे तक नहीं लौटे तो परिवार वालों ने खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह खेत में शव मिलने की जानकारी हुई।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक छानबीन में पुलिस को पता चला कि रामप्रसाद ने शनिवार देरशाम गांव के मकसूद के घर फारुख, दिलीप यादव और मनीष प्रजापति के साथ शराब पी। इसके बाद धोखे से मनीष ही रामप्रसाद को दिलीप के ट्यूबवेल पर ले गया, जहां उसकी हत्या की गई।
इसके बाद बाइक से शव को लाकर खेत में फेंका गया, ताकि हादसा लगे। जांच में पुलिस को पता चला है कि दिलीप के रामप्रसाद के परिवार की एक महिला से संबंध हैं। इसे लेकर महिला और रामप्रसाद में तकरार होती थी। इसी चक्कर में रामप्रसाद की हत्या की गई।