गोकशी के मुकदमे से बचाने के नाम पर खुद को पत्रकार बता एक युवक ने महिला से सवा लाख रुपये ठग लिए। मामला यूपी के कानपुर देहात जिले का है। डेरापुर थाने की पुलिस ने तथाकथित पत्रकार के खिलाफ धारा 386 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डेरापुर थानाक्षेत्र के मुंगीसापुर कसबे के नई बस्ती निवासी वसीम के घर 27 मार्च को पुलिस ने गोकशी की सूचना पर छापा मारा था। छापामारी के दौरान गोकश भाग निकले थे। जबकि, मौके पर पुलिस ने गोमांश व औजार बरामद किए थे। मामले में कुछ दिनों बाद वसीम की पत्नी अफसाना को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
जेल से जमानत पर छूटने के बाद अफसाना ने बताया कि पुलिस की छापेमारी के बाद खुद को पत्रकार बताने वाला रियाज कुरैशी निवासी डूडीबरी थाना डेरापुर उससे मिला था। उसने गोकशी के मुकदमे से बचाने की बात कही थी जिसके एवज में एक लाख 25 हजार रुपये लिए थे। लेकिन कोई पैरवी न होने पर जेल से छूटने के बाद जब उसने रियाज से रुपये वापस मांगे तो रियाज फिर से दूसरे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और रुपये देने से मना कर दिया। इस पर उसने रिपोर्ट दर्ज कराई है।