बेटी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर पिता का खून खौल गया और उसने कुल्हाड़ी से दोनों की गर्दन काट दी। हत्यारोपी बाप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला यूपी के महोबा जिले का है।
विज्ञापन
महोबा के थाना महोबकंठ थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी कुर्मिन निवासी गीता (19) पुत्री मूलचंद्र अहिरवार का थाना अजनर के ग्राम बछेछरकलां निवासी सुनील कुमार अहिरवार (21) पुत्र रमेशचंद्र अहिरवार से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गीता की मां की पहले ही मौत हो जाने से वह कमरे में अकेली रहती थी। उसके तीन भाई काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। प्रेमी रात में उसके घर चोरी छिपे मिलने आता था। रविवार रात पिता मूलचंद्र अहिरवार छत पर सो रहा था। तभी रात को सुनील गीता के घर पहुंचा। गीता पीछे के दरवाजे से उसे अपने कमरे में ले गई। सुबह करीब 6:30 बजे पिता नीचे आया तो बेटी के कमरे में गया जहां उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में सोता पाया। गुस्से में वह दूसरे कमरे में रखी कुल्हाड़ी लेकर आया और युवक की गर्दन पर ताबड़ तोड़ वार किए। बाद में उसका सिर पत्थरों से कुचल डाला। इसके बाद बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे उसकी भी मौत हो गई। सुबह प्रेमी व प्रेमिका की मौत की खबर मिलते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना, थानाध्यक्ष महोबकंठ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी मूलचंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
झांसी के देवरी गांव में हुई प्रेमी युगल की पहली मुलाकात
जांच पड़ताल करती पुलिस
प्रेमी युगल झांसी के देवरी गांव में दो वर्ष पूर्व पहली बार मिले थे। इस दौरान उन्होंने एक दूसरे के मोबाइल नंबर ले लिये थे। इसके बाद वे अक्सर आपस में मोबाइल पर बात करते रहते थे। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मिलना जुलना होने लगा। हालांकि आपत्तिजनक स्थिति में उनका मिलना लड़की के पिता को नागवार गुजरा और उसने कुल्हाड़ी से उन दोनों की हत्या कर दी। बछेछरकला निवासी सुनील कुमार की दीदी की शादी जनपद झांसी के ग्राम देवरी में हुई है। इसी गांव में बम्हौरी कुर्मिन निवासी गीता की मौसी की भी शादी हुई है। दो साल पहले एक कार्यक्रम में गीता भी देवरी गई थी। यहां उसकी मुलाकात सुनील से हुई। बातचीत में दोनों के एक ही जिले का निकलने पर दोनों की शादी समारोह लंबे समय तक बातचीत हुई। यहीं पर दोनों ने एक दूसरे को अपने मोबाइल नंबर भी दे दिए। बाद में मोबाइल पर बातकर दोनों ने मिलना जुलना भी शुरू कर दिया। मोबाइल पर बातकर प्रेमी प्रेमिका के घर पहुंच जाता। मृतक की मां ने बताया कि बेटे ने एक बार शादी की बात कही थी। साथ ही लड़की देख लेने की भी बात बताई थी। लेकिन कौन लड़की है, कहां की है, यह कुछ नहीं बताया था। आज उसकी मौत की खबर मिली है।
दोहरे हत्याकांड से गांव में नहीं जले चूल्हे
रोते बिलखते परिजन
सोमवार को बम्हौरी कुर्मिन में सुनील की हत्या की खबर मिलते ही ग्राम बछेछरकला में उसके परिजनों के होश उड़ गए। घर में महिलाएं रोने बिलखने लगीं। मृतक के दादा सूचना मिलने पर थाना महोबकंठ पहुंचे। इधर सुनील की मां रो-रोकर बेहोश हो गईं। ग्राम बछेछरकला निवासी रमेश अहिरवार ईराक में रहता है। उनका बेटा सुनील अहिरवार अपने दादा रामदास और मां के साथ गांव में ही रहता था। सोमवार को महोबकंठ पुलिस ने सुनील की हत्या की सूचना ग्राम बछेछरकला प्रधान को फोन कर दी। ग्राम प्रधान ने जैसे ही सुनील की हत्या की खबर उसके घर जाकर सुनाई, सुनील की मां गिरकर बेहोश हो गई। घर में महिलाएं रोने बिलखने लगीं। गांव के युवक की मौत की खबर मिलते ही धीरे-धीरे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग एक दूसरे से हत्या के बाबत पूछने लगे। पता चला कि प्रेम प्रसंग के चलते सुनील की हत्या हुई है। होश में आने पर मां ने बताया कि बुधवार शाम सुनील के मोबाइल पर बार बार काल आ रही थी। सुनील कह रहा था, घबराओं नहीं, मैं आ रहा हूं। इसके बाद सुनील चला गया। कई दिन तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। फोन रिसीव न होने से परिवार के लोग घबरा रहे थे और आज उसकी मौत की खबर आई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कनकुआ महोबा बम्हौरी कुर्मिन गांव में प्रेमी व प्रेमिका की हत्या के बाद गांव का माहौल गमगीन है। चारो ओर सन्नाटा पसरा है।
40 किमी दूर रात में मिलने आता था सुनील
फाइल फोटो प्रेमी सुनील व प्रेमिका गीता
बछेछरकला निवासी सुनील अपनी प्रेमिका गीता से मिलने अक्सर बम्हौरी कुर्मिन गांव रात के वक्त जाता था। दोनों गांवों के बीच की दूरी करीब 40 किलोमीटर है। गीता से मिलकर सुनील सुबह होने से पहले ही अंधेरे में अपने गांव चला जाता था। ग्रामीणों ने कई बार उसे रात में जाते देखा लेकिन अपनी जुबान बंद रखी। रविवार की रात को भी सुनील एक बार फिर प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। रात में वह प्रेमिका के बिस्तर में ही सो गया। आंख न खुलने से दो साल से चल रहा यह प्रेम संबंध पिता के आने पर उजागर हुआ और पिता ने प्रेमी-प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। यह संयोग ही था कि प्रेमी रविवार की रात प्रेमिका से मिलने के बाद घर न जाकर उसी के बिस्तर में लेट गया। दोनों को इतनी गहरी नींद आई कि सुबह 6:30 बजे तक उनकी आंख नहीं खुली। तभी छत पर धूप आने से प्रेमिका के पिता मूलचंद्र की आंख खुली। वह बिस्तर रखने जैसे ही बेटी के कमरे में गया तो वहां बेटी को अजनबी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में लेटा देख आपा खो बैठा। उसने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से दोनों पर कई प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
बछेछरकला के मूलचंद्र अहिरवार ने अपनी बेटी गीता का रिश्ता मध्य प्रदेश में छतरपुर के ग्राम पहाड़ी में तय कर दिया था। चार अप्रैल को मूलचंद्र को बेटी का तिलक लेकर पहाड़ी गांव जाना था। घर में शादी की तैयारियां भी जोर शोर से चल रही थीं। काफी खरीददारी भी हो चुकी थी। घर परिवार के लोग भी गीता की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे। खुशी का माहौल था। पर तिलक से एक दिन पूर्व पिता ने बेटी की हत्या कर दी। अब जिस घर से बेटी की डोली विदा होनी थी, उस घर से उसकी अर्थी उठी।