कार्तिक पूर्णिमा की रात शव को कई घंटे घर में छिपाए रखा
बेटी की ठंडी चिता के पास सिर पर हाथ रखकर बिलख रहे हत्यारोपी पिता को सोमवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने एक हंसिया भी बरामद कराया। हत्यारोपी ने शव को कुएं में डुबाने के लिए इसी हंसिया से बेटी का पेट फाड़ दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अकेले हत्या करने की बात कबूल की है। हालांकि अभी भी इस कांड में एक से अधिक लोगों के शामिल होने के कयास क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं।
फतेहपुर मलवां थाना क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी रामखेलावन सोनकर की बेटी गुड़िया (18) का शव शुक्रवार को जंगल में एक कुएं से बोरे में बरामद हुआ था। घटना के बाद परिवार के लोग गायब थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस लापता पिता की तलाश में थी। एसओ अनूप सिंह ने बताया कि आदमपुर श्मसान घाट के पास सुबह रामखेलावन को गिरफ्तार किया गया। वह बेटी की ठंडी चिता के पास बैठा शोक मना रहा था। एसओ का दावा है कि आरोपी ने गांव के एक शख्स से बेटी के अवैध संबंध पर चार नवंबर की रात गला दबाकर हत्या करना कबूला है। बेटी की लाश को कुएं में डुबाने के लिए उसका हंसिया से पेट फाड़ दिया। शव बोरी में भरकर कमरे के अंदर टाड़ पर छिपाया था। रात में खरगी बाबा के जंगल में शव ले जाकर फेंक दिया था। छह दिन बाद शव कुएं में उतरा आया। कुएं में लाश मिलने की खबर फैलते ही वह परिवार संग भाग निकला था। एसओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हंसिया बरामद कर उसे जेल भेजा है।