कानपुर के बिधनू में विवाहिता राधा तिवारी की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर जहर खिलाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने राधा के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
उधर, पति का कहना है कि राधा की बुखार के चलते मौत हुई है। एच ब्लॉक गुजैनी निवासी मुकेश दुबे की बेटी राधा (30) की शादी बिधनू के पहाड़पुर गांव निवासी जय प्रकाश तिवारी उर्फ पिंकू से पांच साल पहले हुई थी।
इनके चार साल की बेटी सिप्पी है। पिंकू ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह से राधा बुखार से पीड़ित थी। बृहस्पतिवार को राधा को हैलट में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई।
सुबह मायके वालों ने हत्या का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। एसओ रामवीर यादव के मुताबिक पिता मुकेश की तहरीर पर पिंकू, उसके पिता रामगोपाल, बहन पिंकी और बहनोई गोविंद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।