बर्रा बाईपास स्थित बसंत पेट्रोल पंप पर रविवार को घटतौली को लेकर बाइक सवार युवकों और कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। इसमें एक हालत गंभीर है उसे नजदीक स्थित एक की हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पंप मालिक का आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने सेल्समैन से पच्चीस हजार रुपये भी लूट लिए हैं। दोनों ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की है।
बर्रा आठ निवासी कबीर श्रीवास्तव रविवार दोपहर दोस्त रामचंद्र के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए बर्रा बाईपास स्थित बसंत पेट्रोल पंप गए थे। कबीर के मुताबिक सेल्समैन से पचास रुपये का पेट्रोल डालने को कहा, लेकिन उसने चालीस रुपये का पेट्रोल डालकर मीटर शून्य कर दिया।
विरोध करने पर सेल्समैन ने गाली, गलौज की और साथी कर्मचारियों के साथ उसे और उसके दोस्त को कमरे में बंद कर पीटा। उधर, पंप मालिक संजय सिंह का कहना है कि कबीर अपनी पल्सर बाइक में दस रुपये का पेट्रोल डलवाना चाहता था। सेल्समैन दिव्यांशु ने इनकार किया तो दोनों के बीच कहासुनी हुई।
फिर कबीर ने अपने पंद्रह साथियों के साथ कर्मचारियों से मारपीट की। हंगामे के दौरान हमलावर सेल्समैन नेत्रपाल से पच्चीस हजार रुपये लूट कर भाग निकले। मारपीट में कबीर, रामचंद्र और पेट्रोल पंप कर्मी दिव्यांशु, नेत्रपाल, राजन दीक्षित घायल हो गए। दिव्यांशु की हालत नाजुक होने पर उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष रामबाबू सिंह ने बताया लूट का आरोप फर्जी है। कबीर, रामचंद्र और नेत्रपाल, राजन दीक्षित को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।