चकेरी में रविवार सुबह एक किरायेदार, मकान मालिक के मासूम बेटे का अपहरण कर ले गया। पुलिस ने शहर में सघन तलाशी अभियान चलाया लेकिन सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दस लाख रुपये फिरौती मांगने और अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस बच्चे की बरामदगी के लिए सर्विलांस का सहारा ले रही है।
मंगला विहार सेकेंड नवयुग नगर सनिगवां रोड निवासी रामकरन टेनरी में नौकरी करते हैं। घर में पत्नी शीला देवी और चार बच्चे अभिषेक (12), बेटी मुस्कान (8), नंदिनी (6), छोटा बेटा राजीव उर्फ कृष्णा (4) हैं। रामकरन ने बताया कि पिछले साढ़े चार सालों से घाटमपुर साढ़ निवासी राजकुमार उर्फ राजा उनके मकान में किराये पर रह रहा था।
आरोप है कि राजा रविवार सुबह दस बजे के करीब राजीव उर्फ कृष्णा को उठा ले गया। फोन पर दस लाख रुपये फिरौती मांगने पर शीला देवी ने कंट्रोल रूम में पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इस सीओ कैंट सुशील घुले, कार्यवाहक एसओ हरिशंकर मिश्रा रामकरन के घर पहुंचे। पत्नी और बच्चों से पूछताछ के बाद मासूम की बरामदगी के लिए पुलिस ने शहर में चेकिंग अभियान चलाया और दबिश देकर आरोपी के रिश्तेदार लक्ष्मण को उठाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर बच्चे को माता-पिता के हवाले कर दिया जाएगा।