कानपुर की सेंट्रल एक्साइज की टीम ने शुक्रवार को शहर के पैकेजिंग कारोबारी हेमचंद्र जैन के आधा दर्जन ठिकानों पर छापामार कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। क्वालिटी लेमिनेटर्स के नाम से रजिस्टर्ड फर्म में तैयार पैकिंग आइटम मुख्य रूप से पान मसाला फर्मों को सप्लाई किया जाता था।
इसमें ज्यादातर माल सागर गुटखा को जाता था। दो दिन की छापामारी के बाद कारोबारी ने एक करोड़ रुपये जमा कराए हैं। सभी परिसरों से मिले दस्तावेजों को जब्त कर जांच की जा रही है। इस फर्म में शहर के जाने माने उद्यमी व सागर गुटखा के मालिक दीपक कोठारी की भी हिस्सेदारी है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ सेंट्रल एक्साइज इंटेलिजेंस के एडीजी राजेंद्र सिंह के निर्देश पर छापामारी हुई। डिप्टी डायरेक्टर शलभ कटियार की अगुवाई में एक दर्जन से अधिक अधिकारियों ने गांधी नगर, चकेरी स्थित आवासों, कालपी रोड स्थित फैक्ट्री, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदामों पर एक साथ धावा बोला। जांच की कड़ी में ट्रांसपोर्टर सतगुरु सर्विसेज को भी शामिल किया गया।
क्वालिटी लेमिनेटर्स के ऑफिस और गोदाम में मिले दस्तावेजों के आधार पता चला कि यहां तैयार पैकिंग आइटम पान मसाला फर्मों को जाता था। ज्यादातार माल दीपक कोठारी की हैदराबाद स्थित पान मसाला फैक्ट्री सागर गुटखा को सप्लाई किया जाता था। विभागीय सूत्रों का कहना है कि फर्म टर्नओवर के अनुपात में करीब 80 फीसदी एक्साइज ड्यूटी कम जमा कर रही थी। जांच में कृतेश पंडित, पंकजमणि त्रिपाठी, मनीष तिवारी, मनु अरोड़ा आदि शामिल रहे।
ट्रांसपोर्ट ऑफिस से पकड़ में आया मामला
ट्रांसपोर्टर के ऑफिस से कई महीने का माल सप्लाई का आंकड़ा हाथ लगा है। पैकेजिंग फर्म में तैयार आइटम गुपचुप तरीके से सागर गुटखा के लिए हैदराबाद भेजा जाता था। एक्साइज अधिकारी ट्रांसपोर्टर के अन्य ठिकानों पर भी जांच कर सकते हैं।
गोल्फ क्लब के संयुक्त सचिव की फैक्ट्री में भी छापा
लखनऊ। सेंट्रल एक्साइज इंटेलीजेंस की टीम ने लखनऊ में गोल्फ क्लब के संयुक्त सचिव एवं औद्योगिक इकाई के मालिक रजनीश सेठी की देवा रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र की रैको मर्केंटाइल ट्रेडर्स यूनिट में छापामारी की। रजनीश की इस फैक्ट्री में पेंट एवं केमिकल का उत्पादन होता है। यहां एक्साइज ड्यूटी की हेराफेरी की पुख्ता सूचना मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हुई। जांच में फंसने पर उन्होंने एक्साइज ड्यूटी की चोरी स्वीकार कर ली। उन्होंने मौके पर ही 55 लाख रुपये चुकाए। टीम ने रजनीश की फैक्ट्री एवं कार्यालय से कई दस्तावेज जब्त करके शुक्रवार तड़के जांच खत्म की। जांच टीम में डिप्टी डायरेक्टर कमलेश कुमार एवं सीनियर इंटेलीजेंस ऑफिसर संतोष तिवारी शामिल थे।