घायल दोनों छात्राएं, स्कूल में लगी पुलिस और बम के अवशेष
आतंकवादियों की धरपकड़े से दहशत के बीच कानपुर में गुरुवार दोपहर दो स्कूलों के बाहर बम धमाकों से हड़कंप मच गया। स्कूल के बच्चे डर के मारे अपने घर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जले बम के अवशेष जांच के लिए रखे हैं। बम विस्फोट करने वाले लड़के कहां से आये थे इसके बारे में कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है।
कानपुर के साउथ एरिया में बर्रा थाना क्षेत्र के सरदार पटेल और शिवाजी इंटर कॉलेज में एडमिट कार्ड लेने के लिए छात्र-छात्राओं की लाइन लगी हुई थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़के आए और बम फेंकने लगे। जोरदार धमाके से पूरी स्कूल की बिल्डिंग हिल गई। बच्चे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। स्कूलवालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक पर सवार उन दो लड़कों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है। बम विस्फोट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इस विस्फोट में दो छात्राएं मामूली रूप से घायल भी हैं।