नौबस्ता पुलिस ने पकड़े तीन शातिर चोर, 11 बाइक बरामद
- फोटो : अमर उजाला
ऑन डिमांड बुलेट बाइकों की चोरी कर बेचने वाले गिरोह का कानपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चोरों के पास से 11 महंगी बाइकें बरामद हुई हैं। ये सभी अपराधी अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए बाइकों की चोरी करते थे।
कानपुर साउथ नौबस्ता पुलिस ने शनिवार को बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 11 बाइकें भी बरामद की हैं। ये बाइकें एक साल के अंदर चुराई गई थीं। ये ऑन डिमांड भी बाइक चुराते थे। मतलब ग्राहक जिस कंपनी की बाइक मांगता थे, उसी कंपनी की बाइक चुराकर देते थे। एसपी साउथ राकेश कुमार जौली ने प्रेसवार्ता कर बताया कि नौबस्ता एसआई प्रमोद कुमार राव ने सूचना मिलने पर तीनों को नौबस्ता बंबा के पास से धर दबोचा। इनमेें बांदा के अंबेडकर कालोनी हरदौली घाट निवासी प्रिंस उर्फ मंगल सिंह, सुकुल कुंआ निवासी नीरज सिंह और देवकी नगर निवासी धर्मेंद्र सिंह हैं। प्रिंस और धर्मेंद्र चाचा-भतीजे हैं। पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि एक साल पहले उसकी मुलाकात नीरज सिंह से हुई थी। इसके बाद तीनों मिलकर बाइक चोरी करने लगे। एसपी साउथ ने बताया कि प्रिंस पहले भी बांदा से चोरी में जेल जा चुका है। तीनों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी करने की बात कबूली है।