नौबस्ता में नाबालिग छात्रा को बहाने से घर बुलाकर बीटेक इंजीनियर ने बलात्कार किया। शोर मचाने पर जब पिता पहुंचे तो आरोपी ने उनको रॉड मारकर घायल कर दिया। घायल होने के बाद भी पिता ने आरोपी को दबोच लिया। फिर छात्रा ने 100 नंबर डायल किया और पुलिस आरोपी को ले गई। आरोपी के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्जकर नाबालिग को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
नौबस्ता के एक मोहल्ले में रहने वाले निजी फैक्ट्री कर्मचारी ने बताया कि गुरुवार देर रात पड़ोसी युवक मनीष ने अपनी मां की बीमारी का बहाना बनाकर उनकी 13 साल की कक्षा सात में पढने वाली बेटी को अपने घर बुलाया और फिर रेप किया। मुंह खोलने पर बेटी को तेजाब डालने की धमकी दी।
काफी देर बाद बेटी ने जब शोर मचाया तो वह भागकर मनीष के घर पहुंचे तो वहां बेटी रो रही थी। बेटी ने मनीष की करतूत बयां की तो पिता ने मनीष को दबोच लिया। इस पर मनीष ने उनके सिर पर लोहे का राड मार दी। इसके बाद भी वह मनीष को दबोचे रहे और बेटी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मनीष बीटेक कर चुका है और हाल ही में उसने बैंक पीओ की परीक्षा भी पास की है।