दुष्कर्म का विरोध करने पर छात्रा की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। पास में काम कर रहीं महिलाएं दौड़ीं तो आरोपी भाग गया। मामला यूपी के कानपुर देहात जिले का है।
सिकंदरा अमराहट क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने सिकंदरा पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री कक्षा दस की छात्रा है। शुक्रवार सुबह वह स्कूल से परीक्षा देकर खेतों के रास्ते घर लौट रही थी। तभी खेतों के पास बने नाले पर बैठे ऊमरपुर निवासी झल्लू ने उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर युवक ने चाकू से उसके गर्दन व हाथ पर ताबड़तोड़ तीन-चार वार किए। छात्रा के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर नलकूप पर कपड़ा धो रहीं महिलाएं आ गईं।
महिलाओं को आते देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। जख्मी हालत में ग्रामीणों ने छात्रा को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्साधिकारी डॉ. एपी वर्मा के मुताबिक छात्रा की गर्दन पर आठ टांके लगे हैं। इधर, थाना इंचार्ज आरपी प्रजापति ने बताया कि झल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।