अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सहनगरा में बुधवार देर शाम पति-पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद पति ने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर के लोगों ने जब देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
सहनगरा निवासी दीपेंद्र उर्फ राहुल(26) पुत्र शिवनरेश गांव में रहकर खेती किसानी का काम करता है। बुधवार की देर शाम उसकी अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बड़ी कि वह गुस्से में कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब पत्नी उठी तो देखा कि राहुल का शव फांसी पर झूल रहा था। इस पर पत्नी ने शोर मचाया। जिस पर घर के लोग भी इकठ्ठा हो गए। घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष अनिल पांडेय मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।