कारतूस मामले में गनर को पकड़ा
फर्रुखाबाद। ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे कंपिल चेयरमैन के पूर्व गनर को पुलिस ने औरैया जिले से पकड़ लिया है। उसके खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में कार्बाइन के 39 कारतूस जमा न करने के आरोप में रिपोर्ट कराई गई थी।
कंपिल चेयरमैन उदयपाल सिंह के साथ गनर सत्यपाल की ड्यूटी लगाई गई थी। वह कुछ माह पूर्व ड्यूटी से नदारद हो गया। एक दिन पुलिस लाइन में असलहा और कारतूस जमा करने गया। आरआई लाइन ने ड्यूटी संबंधी रिपोर्ट चेयरमैन से लिखाकर लाने को कहा तो वह कार्बाइन और कारतूस पुलिस लाइन के भंडार गृह के पास रखकर चला गया था। आरआई लाइन ने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की तो मैगजीन में 39 कारतूस नहीं थे।
फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस बुधवार को ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे गनर को औरैया जिले से खोज कर कोतवाली लाई। उसको पुलिस लाइन भेजा गया। जहां गनर से पूछताछ शुरू की गई। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया कि गनर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उससे केवल पूछताछ की जा रही है।
- पुलिस लाइन में गनर से शुरू की गई पूछताछ
- आरआई लाइन ने फतेहगढ़ कोतवाली में दर्ज कराई थी रिपोर्ट