अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ(कन्नौज)। कोतवाली से मंगलवार की रात भाजपा नेता की बाइक चोरी हो गई।
नगर के मोहल्ला रामनगर निवासी भाजपा अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पूर्व सभासद दिनेश गिहार मंगलवार की रात करीब नौ बजे किसी से मिलने कोतवाली गए थे। कोतवाली परिसर में बाइक खड़ी कर कार्यालय में मिलने चले गए। कुछ देर बाद जब आए तो बाइक गायब थी। काफी प्रयास के बाद भी जब पता नहीं चला तब उन्होंने बाइक चोरी की तहरीर पुलिस को दी।
बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने यह बाइक मोहम्मद अकबर पुत्र बाबा से खरीदी थी, जिसकी ट्रांसफर प्रक्रिया चल रही है। मालूम हो कि कोतवाली से बाइक चोरी होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कोतवाली में तैनात एक दारोगा की भी बाइक कोतवाली परिसर से चोरी चली गई थी।
उधर वरिष्ठ उपनिरीक्षक गणेशप्रसाद मिश्रा ने बताया कि भाजपा नेता की तहरीर पर बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टीम बनाकर बाइक की तलाश की जा रही है।
- रात नौ बजे किसी से मिलने कोतवाली गए थे भाजपा नेता