बांदा। एडीएम के गोद लिए गांव में ही आंगनबाड़ी की रंगाई-पुताई में घोटाला हो गया। रंगाई-पुताई में 48 हजार रुपये खर्च दिखा दिए गए। उधर, निरीक्षण में एडीएम पहुंचे तो ऐसा कुछ नजर नहीं आया। एडीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा है।
एडीएम ने महुआ ब्लाक के बलखेड़ा और पतौरा गांव को गोद ले रखा है। शनिवार को उन्होंने दोनों ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। पतौरा में आंगनबाड़ी केंद्र खुद के भवन में संचालित हो रहा है।
निरीक्षण के बाद एडीएम ने सीडीओ को भेजे पत्र में कहा है कि भवन की मरम्मत व रंगाई-पुताई के लिए ग्राम प्रधान ने 14वें वित्त आयोग से करीब 48 हजार रुपये खर्च कर दिए, लेकिन मौके पर न भवन की पुताई मिली और न मरम्मत। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सीडीओ से मामले की अपने स्तर जांच कराने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।