उरई। शहर के राठ रोड पर दो बाइक सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर वृद्ध किसान को लूट लिया। बदमाश किसान से नौ हजार रुपये नगद व एक मोबाइल लूट ले गए। वह किसान को बाइक में धक्का लगाने के बहाने एकांत में ले गए थे। किसान ने कोतवाली में लूट की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम बीजापुर निवासी शिवनारायन पुत्र खितोले ने बताया कि रविवार दोपहर वह अपनी मटर की फसल बेचने गल्ला मंडी, उरई आए थे। मटर बेचकर वह राठ रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे रेलवे क्रासिंग को पैदल पार कर मौनी मंदिर की तरफ जा रहे थे।
रेलवे लाइन से थोड़ी दूर चलते ही दो बाइक सवार युवक बगल में आकर रुके और बाइक स्टार्ट न होने की बात कहकर धक्का मारने का अनुरोध किया। शिवनारायन ने उनकी मदद के लिए बाइक में धक्का लगाना शुरू कर दिया। वह दोनों युवक धक्का लगाते हुए बाइक को एकांत में ले गए।
वहां पहुंचते ही एक ने चाकू निकालकर उनके पेट पर रख दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर जेब में पड़े 9 हजार रुपये नगद व एक मोबाइल छीन कर भाग निकले। उनके जाते ही शिवनारायन बदहवास हालत में कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने लूट की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौनी मंदिर के पास हुई वारदात, 9 हजार रुपये व मोबाइल लूटा
अमर उजाला ब्यूरो