खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को जूही में छापा मारकर देशी गुटखा बनाने के नाम पर जहर की ‘पुडि़या’ की फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक वीरेंद्र पांडेय को गिरफ्तार किया है।
टीम के साथ मौजूद एसीएम योगेंद्र कुमार ने बताया कि फैक्ट्री से दो बोरा तैयार माल, पाउच और पैकिंग मशीन बरामद की गई है। फैक्ट्री में तैयार होने वाले शंकर गुटखा का एक पाउच बाजार में 50 पैसे कीमत में बिकता है। लिहाजा उसकी क्वालिटी की जांच पड़ताल के लिए तैयार माल के सैंपल लिए जा रहे हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने हरिहर नाथ पार्क के पास स्थित वीरेंद्र के मकान में छापा मारा तो नीचे के हिस्से में वह स्वयं पैकिंग मशीन से गुटखा पैक करता मिला। फैक्ट्री के कागज दिखाने को कहा गया तो उसने ना नुकुर की। इस पर पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
घिरता देखकर वीरेंद्र ने बताया कि वह बारादेवी के निकट रहने वाले पवन गुप्ता के माल की पैकिंग करता है। इसके बाद पुलिस ने मौके से मशीन और तैयार माल के अलावा शंकर गुटखा के रैपर और भरे हुए पैकेट जब्त कर लिए।
पुलिस ने पवन के घर पर दबिश दी लेकिन वह भाग निकला। पता चला है कि इस गुटखे की सप्लाई सचेंडी, महाराजपुर, नर्वल, जहानाबाद, साड़, घाटमपुर आदि इलाकों में की जाती थी।