अमर उजाला ब्यूरो।
हमीरपुर (भरुआसुमेरपुर)। थानाक्षेत्र के इसौली गांव के प्राथमिक विद्यालय में गांव निवासी एक अवर अभियंता ने स्कूल का ताला तोड़कर बारात ठहरा दी। प्रधानाध्यापक के विरोध करने पर उसे पीट दिया। प्रधानाध्यापक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत टेढ़ा के मजरा इसौली निवासी रामऔतार की पुत्री का विवाह सात मार्च को था। रामऔतार गांव के निवासी सिंचाई विभाग के अवर अभियंता का निजी चालक है। ड्राइवर की पुत्री के विवाह में शामिल होने के लिए अवर अभियंता शिव नारायन कुशवाहा भी गांव पहुंचा।
बताते हैं कि बारात ठहराने के लिए इस अवर अभियंता ने रात में स्कूल के एक कमरे का ताला तोड़ दिया। गुरुवार सुबह प्रधानाध्यापक देवीशरण स्कूल पहुंचे तो स्कूल के एक कमरे का ताला टूटा पड़ा और सामान चारों तरफ बिखरा था। इस पर उन्होंने बारात रुकवाने वाले अवर अभियंता से विरोध जताया। इस पर अवर अभियंता उसने गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव करके प्रधानाध्यापक को बचाया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि अवर अभियंता जबरिया बारात को स्कूल में ठहराना चाहता था। इसकी शिकायत उसने सात मार्च को थानाध्यक्ष के साथ खंड शिक्षाधिकारी से भी की थी। लेकिन किसी अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते अवर अभियंता ने स्कूल का ताला तोड़कर बारात रुकवा दी।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि सरकारी विद्यालय में शादी बारात के कार्यक्रमों पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है। इसके बावजूद अवर अभियंता ने इसका उल्लंघन किया है। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।