चित्रकूट। टप्पेबाजों ने रिटायर्ड हेड कांस्टेबल की बाइक की डिकी का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया। बैग में अन्य जरूरी कागजात आदि गुम हो गए। परेशान रिटायर्ड पुलिसकर्मी के परिजनों की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है।
शहर के शंकर बाजार निवासी रिटायर्ड हेड कांस्टेबल महादेव प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को वह अपने दामाद के साथ बैंक आफ बड़ौदा शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर बाइक की डिकी में रखा था। यह रुपये उन्होंने नए मकान निर्माण कार्य में लगे मजूदरों को भुगतान के लिए निकाले थे। बाइक लेकर वह दामाद के साथ भैरों पागा मार्ग पर स्थित नए मकान के बाहर पहुंचे। बाइक खड़ी कर वह दोनों अंदर गए इसके कुछ देर बाद बाहर आने पर डिकी का ताला टूटा मिला और रुपये व कागजात से भरा बैग गायब मिला।
इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गुुरुवार व शुक्रवार से परिजन कोतवाली के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि संबंधित एरिया के दरोगा को जांच व संदिग्धों से पूछताछ के लिए भेजा गया है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।