उन्नाव। शहर कोतवाली के लोकनगर में मंगलवार देर शाम देर शाम दो पक्षों में फायरिंग हुई। फायरिंग में एक युवक छर्रे लगने से घायल हो गया। फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले थे।
बताया जा रहा है कि छह दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में पुलिस की लापरवाही से दूसरे पक्ष के हौसले बुलंद थे। जिसका परिणाम यह हुआ कि मंगलवार को दोबारा फायरिंग हुई। घायल युवक को परिजनों ने निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है।
लोकनगर में मंगलवार शाम अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। दोनों पक्षों में हो रही फायरिंग से मोहल्ले वासी सहम गए। इसी दौरान फायरिंग में छर्रे एक युवक को लगे। जिसका नाम राहुल बताया जा रहा है। फायरिंग की सूचना पर कोतवाल फोर्स मौके पर पहुंचा।
राहुल के घायल होने की जानकारी पर वह उनके घर गए। तो परिजनों ने राहुल के गोली नहीं चाकू लगने से घायल होने की बात बताई। फिलहाल पुलिस की मुलाकात राहुल से नहीं हो पाई है।
मालूम हो कि छह दिन पहले शहर के गांधी नगर में दो पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। कोतवाली से मात्र पचास कदम की दूरी पर हुई फायरिंग के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
इसका परिणाम यह रहा कि मंगलवार को फिर गोलियां तड़तड़ाईं। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि राहुल को चाकू लगी है। उसके घर पुलिस गई थी। परिजनों ने गोली की घटना से इंकार किया है। राहुल को कोतवाली बुलाया गया है। जांच की जा रही है।
-पुलिस कह रही चाकू लगने से घायल हुआ युवक
-किसी पक्ष ने नहीं दी तहरीर, घायल को लाया गया कोतवाली