शिवराजपुर (बिल्हौर)। क्षेत्र में रविवार को एक नवविवाहिता का शव छत के कुंडे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कानपुर भेजा है। मौके पर पहुंचे मृतका के भाई ने पति, जेठ, जेठानी व देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
मृतका नीलू गुप्ता (25) के भाई अवधेश गुप्ता ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि अपनी बहन की शादी 19 फरवरी 2019 को शिवराजपुर कस्बा निवासी सत्यम पुत्र धनीराम से की थी। शादी के कुछ दिनों के बाद ही ससुराली जन एक लाख रुपये नगद व मोटरसाइकिल की मांग को लेकर बहन को प्रताड़ित किया करते थे। यह बात उनकी बहन ने बताई थी।
बताया कि शनिवार को भी इसी बात पर पति सत्यम, जेठ मनीष, जेठानी किरण व देवर राकेश ने मिलकर नीलू की पिटाई की। जिससे दुखी होकर उसने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया, और छत के कुंडे से लटक कर फांसी लगा ली। एसओ शिवराजपुर त्रदीप सिंह यादव ने बताया कि सभी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत के कुंडे से लटकता मिला नवविवाहिता का शव
अमर उजाला ब्यूरो