डेरापुर (कानपुर देहात) । थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को विधवा और उसके प्रेमी के साथ मारपीट कर जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने के मामले में बुधवार को चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव निवासी एक विधवा का गांव के एक शख्स से प्रेम प्रसंग चल रहा है। गांव के कुछ लोग इसका विरोध कर रहे थे। महिला के मुताबिक, पति की मौत के बाद गांव के कुछ उसे परेशान करने लगे। वह जीवन यापन करने के लिए बिरादरी के एक व्यक्ति के साथ रहने लगी।
बुधवार को वह दोनों घर में थे, तभी उसके ससुर महादेव, गांव के भीमदेव, भीम प्रकाश व नागेंद्र आए और मारपीट करने लगे। इसके साथ ही दोनों को घर से बाहर निकाल कर जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। इससे दोनों दहशत में आ गए। मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर पर उक्त चारों लोगों पर सामाजिक रूप से अपमानित करने, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष रामबहादुर पाल ने बताया कि नामजद चार लोगों में से विधवा के ससुर महादेव और नागेंद्र को हिरासत में ले लिया।
कोई ग्रामीण बचाने नहीं आया
महिला का कहना है कि इस घटना का किसी भी ग्रामीण ने विरोध नहीं किया था। लोगों ने दरवाजे बंद कर लिए। सजातीय होने पर बीच में किसी के न बोलने पर धमकी भी दी जा रही थी। गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले विरोध जताया तो आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि आपसी मामला है। कोई बीच में न आएं वर्ना एससी/एसटी मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। मामले की चर्चा होने पर पुलिस को भनक लगी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
विधवा और उसके प्रेमी को बेइज्जत करने में चार पर रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो