शिवराजपुर (बिल्हौर)। क्षेत्र के ढूकापुर गांव में गुरुवार की देररात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक घर में छापा मारकर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके पर शराब बना रहे तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ा। पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह लोग क्वार्टरों (बोतलों) में शराब पैक कर आसपास के जिलों में अवैध शराब की आपूर्ति करते थे। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्जकर जेल भेजा है।
गुरुवार की देररात शिवराजपुर एसओ त्रदीप सिंह यादव ने हमराही उपनिरीक्षक धन सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सुभाष बाबू, राकेश कुमार, जय किशोर आदि के साथ क्षेत्र के ढूकापुर गांव के शिव प्रसाद पुत्र राजा यादव के घर में छापा मारा।
पुलिस को देखते अवैध शराब बनाने में लिप्त लोग इधर भागने लगे। मकान से शिव प्रसाद निवासी ढूकापुर, अरविंद निवासी ग्राम दुबई, थाना फतेहपुर चौरासी, जनपद उन्नाव व गोविंद यादव निवासी गजफ्फरपुर थाना फतेहपुर, जनपद उन्नाव को पकड़ा। पुलिस ने मकान से 1,120 क्वार्टर अवैध शराब, माधुरी शराब ब्रांड का रेपर लगीं बोतलें, खाली क्वार्टर, केमिकल व अन्य उपकरण बरामद किए।
अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी, तीन को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो