भीतरगांव (घाटमपुर)। पुलिस चौकी साढ़ के कुड़नी कस्बे में बीती रात चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर जेवर-नगदी समेत लाखों रुपये का माल पार कर दिया। शुक्रवार की सुबह जब घर के लोग छत से नीचे पहुंचे तो उनको घटना की जानकारी हुई। पुलिस में मामले की तहरीर दी गई है।
रमेश कुरील ने बताया कि गुरुवार की रात परिवार के साथ मकान की छत पर सोया था। शुक्रवार की सुबह सभी लोग जागने के बाद नीचे उतरे तो जीने के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। पत्नी विमला ने पड़ोसी को आवाज लगाकर दरवाजे की कुंडी खुलवाई। लेकिन, जब घर में पहुंची तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला था उसकी कुंडी कटी हुई थी।
कमरों में रखे बक्से और अलमारी खुले थे और उनमें रखा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। तब घरवालों को चोरी होने की जानकारी हुई। चोर कमरों में रखे दो बक्से और एक अटैची भी उठाकर ले गए थे। चोरी गए बक्से घर से कुछ दूर स्थित गांव के ही अंगनू के नलकूप के गड्ढे में पड़े मिले। रमेश कुरील ने बताया कि चोर उसके यहां से 25 हजार रुपये नगद के अलावा करीब डेढ़ लाख रुपये का जेवर भी ले गए हैं।
गांववालों ने बताया कि चार माह पहले भी कुड़नी कस्बे के एक मकान में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। तब भी चोरी गए बक्से-अटैची अंगनू के खेत पर बने नलकूप के गड्ढे में पड़े मिले थे। चोरी की घटनाओं को लेकर गांववालों में रोष है। वहीं, साढ़ चौकी के दरोगा प्रमोद कश्यप ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली भेजा गया है। बताया कि पुलिस मामले की जांच और चोरों की तलाश कर रही है।
कुंडी काटकर चोरों ने जेवर-नगदी पार किए
अमर उजाला ब्यूरो