अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ(कन्नौज)। जालसाज ने एक अंधी महिला की आंखों में रोशनी लाने के लिए मशीन देने के बहाने दो लाख रुपये ठग लिए। युवक ने उसे एक मशीन भी दी, लेकिन फायदा न होने पर उसने मशीन वापस कर दी। पंचायत के बाद भी युवक ने उसे रुपये वापस नहीं किए। सोमवार को पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर युवक के खिलाफ शिकायत की है।
ताजपुर रोड निवासी कुलदीप दीक्षित की पत्नी रानी दीक्षित की लगभग एक साल पहले आंखों की रोशनी चली गई थी। उसने कई चिकित्सकों से उपचार भी कराया, लेकिन उसकी आंखें ठीक न हो सकीं। रानी दीक्षित ने बताया कि लगभग तीन माह पहले एक जिम सेंटर के कर्मचारी ने मशीन के जरिए आंखों की रोशनी वापस लाने की बात कही। इस पर रानी ने ब्याज पर दो लाख 35 हजार रुपये लेकर मशीन खरीद ली थी।
काफी दिनों तक लगाने के बाद जब कोई फायदा नहीं हुआ तो उसने मशीन वापस कर दी। इसके बाद भी उसने रुपये वापस नहीं किए, जिसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से भी की थी। पुलिस के सामने दो लाख रुपये वापस करने का समझौता किया गया था। अभी तक उसे रुपये नहीं मिले।
पीड़िता ने बताया कि सोमवार को वह अपने बच्चों ओम (9) और सोम (8) के साथ युवक के पास पहुंची और रुपये वापस मांगे। इस पर उसने गालीगलौज करते हुए उन लोगों को भगा दिया। पीड़ित महिला ने युवक की शिकायत कोतवाली में की। इस संबंध में एसएसआई गणेशप्रसाद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराकर जालसाज युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- समझौते के बाद महिला को वापस नहीं मिले रुपये
- पीड़िता ने युवक के खिलाफ कोतवाली में की शिकायत