अमर उजाला ब्यूरो
जसोदा(कन्नौज)। जीटी रोड किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शरीर पर कई चोट के निशान मिलने से हत्या कर शव फेंकने की शंका जाहिर की जा रही है। पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रविवार की सुबह गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जसोदा के पास जीटी रोड के किनारे स्थानीय लोगों ने 35 वर्षीय युवक का शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। युवक के शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने से पुलिस ने हत्या कर शव फेंके जाने की शंका जाहिर की। युवक के दोनों हाथों में त्रिशूल भी गुदा हुआ है, जबकि शव के पास से पुलिस ने सुनील कुमार निवासी आदर्श नगर बिहार जिला बल्लभगढ़ फरीदाबाद नाम के युवक का पैनकार्ड व आधार कार्ड मिला।
जानकारी करने पर सुनील ने बताया कि वह ट्रक चालक है। एक माह पूर्व उसका पर्स चोरी हो गया था। जिसमें 15 हजार रुपये के अलावा आधार कार्ड व पैनकार्ड भी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि अज्ञात युवक के शव मिलने की जानकारी पड़ोसी जनपदों के थानों को दी गई है। उसकी शिनाख्त के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।
- शिनाख्त करने में जुटी पुलिस, शरीर पर कई चोट के निशान