अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। थानाक्षेत्र के ग्राम एरवाकुइली में जमीन के विवाद में एक पक्ष के करीब 12 लोगों ने रविवार रात घर पर धावा बोलकर जमकर तोड़फोड़ की। एक को घर से खींचकर बाहर ले आए और जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद व सात अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस तीन नामजद लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्राम एरवाकुइली निवासी पीड़ित रमेश बाबू यादव पुत्र हरवंश सिंह ने बताया कि एरवा मार्केट मुख्य सड़क पर बली मोहम्मद का घर है। उसके घर के पीछे उनका प्लाट पड़ा हुआ है। इस पर विपक्षी कब्जा करना चाहते हैं। इसका वह विरोध कर रहा है। इसी से नाराज होकर बली मोहम्मद पुत्र भिखारी, शालू उर्फ इरदीश, लईक,मटरा पुत्रगण बली मोहम्मद, सलमान पुत्र इरशाद व सात अन्य लोगों ने रविवार रात उसके घर पर धावा बोल दिया।
आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। यही नहीं उसे घसीटते हुए खींचकर बाहर ले आए। जहां उसकी पिटाई की। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने पांच नामजद व सात अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रात में ही दविश देकर नामजद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में थानाध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने कहा कि घटना करने वाले बली मोहम्मद उसके पुत्र शालू उर्फ इदरीश व लईक को को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शेष आरोपियों की तलाश कर जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।