अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। दंपति और उसके दो पुत्रों की सामूहिक हत्याकांड के नामजद आरोपी अमित यादव उर्फ गोलू के बीहड़ की राह पकड़ लेने की आशंका जोर पकड़ती जा रही है। पुलिस भी जिले के सीमावर्ती जंगलों में उसकी तलाश कर रही है। पांचवें दिन भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव के मजरा छोटा पुरवा (कताई मिल) निवासी महादेव और उसकी पत्नी चुन्नी तथा दो पुत्रों की 31 जनवरी की रात पड़ोसी अमित यादव उर्फ गोलू ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। मृतक के भाई रघुनंदन ने कोतवाली में अमित यादव उर्फ गोलू के विरुद्ध सामूहिक हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
हत्याकांड के बाद अपर एसपी के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। तमाम रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर खाक छानने के बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहा।
उधर, अब यह भी कयास लगाया जाने लगा है कि गोलू ने जंगल की राह पकड़ ली है। इसी आशंका के मद्देनजर जंगलों में भी उसकी तलाश की जा रही है। उधर, कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडेय ने कहा कि रिश्तेदारों और संभावित अड्डों के अलावा जंगल में भी हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।
विधायक ने जताई मासूमों से हमदर्दी
बांदा। माता-पिता और दो भाई गंवा कर अनाथ हो गए दो मासूम भाई-बहनों अवधनरेश और रान्शी को रोजाना सांत्वना और हमदर्दी जताने आने वालों का सिलसिला जारी है। सपा नेताओं ने आर्थिक मदद दी है।
उधर, सोमवार को स्थानीय विधायक प्रकाश द्विवेदी भी दोनों बच्चों से उनके घर जाकर मिले। उन्हें भरोसा दिलाया कि हर संभव सरकारी मदद दिलाई जाएगी। अपने स्तर से खुद भी यथासंभव मदद करेंगे।
उधर, सपा महासचिव और सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने राज्यपाल को पत्र भेजकर कहा है कि हत्याभियुक्त की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में दहशत है। इसे शीघ्र गिरफ्तार कराया जाए।