अयाना (औरैया)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेषनपुर गांव में एक महिला की उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की वजह पत्नी का चालचलन पर शक किया जाना है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कप्तान हरीश चंदर, सीओ अजीतमल व थानाध्यक्ष भार्गव मौके पर पहुंचे और चारपाई पर पड़े रक्तरंजित शव को बरामद किया। घटना की जांच की जा रही है।
थाना क्षेत्र के सेषनपुर गांव में मुन्नी बेगम (40) पत्नी शमशेर अपने चार बच्चों के साथ तकरीबन बीस साल से रह रही थी। बुधवार देर रात करीब दस बजे वह घर में थी। बताया जाता है कि तभी उसका पति से विवाद होने लगा। आरोप है कि इस दौरान पति ने चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी और भाग निकला। घटना की जानकारी बच्चों ने पड़ोसियों को दी। पड़ोसियों की सूचना पर थानाध्यक्ष भार्गव उच्चाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथमदृष्टया पति द्वारा पत्नी पर शक किया जाना हत्या की वजह है। हत्या पति ने की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। समाचार भेजे जाने तक तहरीर नहीं दी गई। जांच की जा रही है।