अमर उजाला ब्यूरो
ठठिया (कन्नौज)। पत्नी विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक को पत्नी और उसके पिता ने पीट दिया। पति की सूचना पर पहुंची यूपी 100 डायल पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। घर लौटने के बाद शनिवार को युवक ने एक कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
ठठिया थाना क्षेत्र के गांव मिरुअन मड़ा निवासी प्रदीप (32) की तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव माधव नगर में ससुराल में है। कुछ दिनों से उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके में रह रही है। शनिवार को वह पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा था। यहां पत्नी ने साथ चलने से मना कर दिया।
इसी बात पर उसका पत्नी और ससुर से विवाद हो गया। पत्नी ने पिता के साथ उसकी पिटाई कर दी। इससे प्रदीप ने यूपी 100 डायल कर मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस टीम ने पूछताछ कर मामले को शांत करा दिया और प्रदीप बाइक से अपने घर चला आया। यहां उसने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।
ठठिया थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि उनके पास किसी भी तरह की तहरीर नहीं आई है। दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा है।
- पत्नी और ससुर की पिटाई के बाद मौके पर पहुंची थी यूपी 100 डायल