कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा निवासी ट्रक चालक दिल्ली से बिहार माल ले जाते समय लापता हो गया। चालक की मां ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। चालक का साथी व ट्रक देवरिया जिले की कोतवाली में मिला है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव लहरा निवासी ट्रक चालक रमनदीप व शमसाबाद क्षेत्र के गांव गड़रियन नगला व गांव चिलसरा के चालक व परिचालक दिल्ली में एक ही स्थान पर अलग-अलग किराए पर रहते हैं। रमनदीप वहां टेंपो चलाता है। 15 फरवरी को रमनदीप के साथियों ने ट्रक लेकर बिहार के पटना चलने को कहा। रमनदीप ने मना कर दिया और कहा कि वह टेंपो चलता है। बाहर दूसरी गाड़ी पर नहीं जाएगा।
16 फरवरी को तीनों ई-रिक्शा लदा ट्रक लेकर गांव लहरा पहुंचे। वहां से रमनदीप अपने घर पहुंचा और मां सुदामा देवी से बिहार जाने की बात बताई। जब 4-5 दिन बाद रमनदीप घर नहीं लौटा तो उसकी मां सुदामा देवी ने उसके साथियों से जानकारी की। उधर, ट्रक में लदे माल के स्वामी ने भी ट्रक मालिक को फोन किया और कहा कि माल नहीं पहुंचा है। छानबीन में ट्रक देवरिया कोतवाली में खड़ा मिला। वहीं रमनदीप का साथी चालक भी मिल गया। रमनदीप की मां सुदामा देवी ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी और कहा है कि उसे आशंका है कि उसके पुत्र को साथी चालक ने गायब कर दिया है। उन्हें अनहोनी की आशंका है। इंस्पेक्टर जसवंत सिंह ने देवरिया कोतवाली में वार्ता की है। वहां की पुलिस ने ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर दिया। जांच की जा रही है।