अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव शंकरपुर में चोर एक मकान का ताला तोड़कर घुस गए और कमरे में रखे 90 हजार रुपये चोरी कर लिए। आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए। परिजनों के जागते ही चोर भाग निकले। गृहस्वामी ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ चोरी करने की तहरीर दी है।
पीड़ित महिपाल सिंह पुत्र सोनेलाल ने बताया कि वह परिवार के साथ घर में सो रहा था। उसी बीच गांव के राहुल, कुलदीप और गोपाल ताला तोड़कर घुस आए। कमरे में रखे 90 हजार रुपये चोरी कर लिए।
खटपट की आवाज से उनकी नींद टूटी। कमरे में गए तो उन्होंने चोरी करने वालों को पहचान लिया। इस पर तीनों धमकी देकर भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।