बांदा। बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे बाइक सवार पूर्व फौजी की लोडर की टक्कर से मौत हो गई। अन्य बाइक दुर्घटनाओं में चार युवक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
महोबा जिले के खन्ना गांव का इंद्रपाल (40) पुत्र रघुनाथ प्रजापति तीन सालों से यहां तिंदवारी रोड मंडी समिति के पास निजी मकान में परिवार के साथ रहता था। बुधवार को सुबह पुत्री को केन पथ स्कूल छोड़कर वापस घर आते समय कालूकुआं पुलिस चौकी के पास पीछे से आ रहे लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी। इंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पत्नी ममता ने बताया कि पति इंद्रपाल तीन साल पूर्व सेना में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हुआ था। डॉयट में बीटीसी प्रशिक्षण के बाद इन दिनों वह शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था। मृतक के तीन पुत्रियां और एक पुत्र है।
उधर, नवाब टैंक निवासी जुबैर खां (22) पुत्र अब्दुल जब्बार और तिंदवारा गांव का नीलू (27) की बाइक मंगलवार की रात केसीएनआईटी के पास आपस में टकराने से दोनों घायल हो गए। एंबुलेंस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। एक अन्य घटना में साथी (बबेरू) गांव निवासी राजेंद्र (22) पुत्र सिधुवा व अमर सिंह (20) पुत्र बउरा मंगलवार की रात बाइक पर बबेरू से घर आते समय ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गए। दोनों को बबेरू सीएचसी से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
लोडर की टक्कर से बाइक सवार पूर्व फौजी की मौत
बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटते समय हादसा
अन्य बाइक दुर्घटनाओं में चार युवक घायल
हेलमेट नहीं लगाए थे बाइक सवार