अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
पक्का बाग से आटो में बैठकर भिंड बस स्टैंड जा रहे एक एयरफोर्स कर्मी की जेब से 25 हजार रुपये पार कर दिए। जानकारी पर एयरफोर्स कर्मी ने आटो रुकवाई तो जेबकतरे उतरकर भाग निकाले। पुलिस ने छानबीन की है। एयरफोर्स कर्मी ने आटो चालक की जेबकतरों से साठगांठ होने का आरोप लगाया है।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुरा असरोही निवासी राजवीर सिंह कानपुर में एयरफोर्स में तैनात हैं। वे बुधवार को कानपुर से ग्वालियर जाने के लिए निकले थे। वह पक्का बाग में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर गए। वहां से एक आटो में सवार होकर भिंड बस स्टैंड के लिए निकले थे। रास्ते में आटो चालक ने दो सवारियां और बैठा ली।
मौका पाकर उन्होंने राजवीर सिंह की जेब से 25 हजार रुपये पार कर दिए। जानकारी होने पर राजवीर सिंह ने आटो रुकवाया। इतना सुनते ही उसमें सवार दोनों जेबकतरे आटो से उतर कर भाग निकले।
राजवीर ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है। पुलिस आटो चालक से पूछताछ कर रही है। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।