कानपुर। केंद्र सरकार की ओर से सैनिटाइजेशन और मास्क बांटे जाने का बजट पाने के झांसे में आकर तीन पार्षदों के साथ डेढ़ लाख रुपये की ठगी हो गई। साइबर ठगों ने पीएमओ का अफसर बनकर बारी-बारी से तीनों को फोन किया और खातों का ब्योरा ले लिया। झांसे में आए पार्षदों ने ओटीपी भी बता दिया। इसके बाद खातों से रकम पार होने पर होने ठगी का पता चला।
साइबर सेल प्रभारी लॉन सिंह ने बताया कि रविवार सुबह सबसे पहले कल्याणपुर कला की पार्षद अंजू मिश्रा के पति कौशल मिश्रा के पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पीएमओ सचिवालय का अफसर बताकर 10 हजार रुपये का बजट आने का झांसा दिया। इसके बाद कौशल से पार्षद के खाते का ब्योरा मांगा। कौशल ने पार्षद और परिवार के एक और सदस्य के खाते की जानकारी दे दी। इसके बाद जालसाज ने ओटीपी पूछकर दोनों खातों से 40 हजार रुपये उड़ा दिए। थोड़ी देर बाद आर्यनगर के पार्षद अमित मिश्रा के पास भी ऐसा ही फोन पहुंचा। वह भी जालसाज की बातों में आकर खाते की जानकारी दे बैठे और इनके खाते से 60 हजार रुपये पार हो गए। इसके बाद परमपुरवा के पार्षद राकेश कुमार के पास फोन पहुंचा। उनके बेटे ने फोन उठाया और बजट का नाम सुनते ही खाते की जानकारी दे दी। ओटीपी बताते ही उनके खाते से भी 45 हजार रुपये उड़ गए। शिकायत पर साइबर सेल मामले की जानकारी कर रही है।