मूसानगर (कानपुर देहात)। क्षेत्र के विजयीपुर गांव में एक चार साल बच्चे को एक युवक ने जंगल में लेकर मारपीट की। लहूलुहान हालत में बच्चे को झाड़ी में फेंक कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के जिला अस्पताल भेजा, हालत गंभीर होने पर हैलट कानपुर भेजा गया। मूसानगर थाने में युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मूसानगर कस्बे के विजयीपुर गांव निवासी स्व. अवधेश कुमार की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि उसके दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। हाल ही में पति की मौत हो चुकी है। शुक्रवार रात आठ बजे उसके बच्चे पड़ोस में टीवी देख रहे थे। तभी गांव के ही तिलक सिंह का साला घाटमपुर के गिरसी गांव निवासी विष्णु आया और उसके बच्चे विकास (4) को टॉफी का लालच देकर जंगल की ओर चला गया। जंगल में ले जाकर बच्चे को मारा पीटा और लहूलुहान कर झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया। बच्चे के घर नहीं लौटने पर चिंता हुई। जानकारी उसने परिजनों को दी। सभी लोग बच्चे की तलाश करने लगे। रात में विकास बेहोशी की हालत में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। उसके चेहरे समेत शरीर पर चोट के निशान मिले। शनिवार सुबह बेटे को लेकर थाने पहुंची और तहरीर दी।
बच्चे की हालत देखकर पुलिस पुखरायां सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी रजनेश सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।