यूपी के इटावा जिले में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
इटावा जिले में जसवंतनगर के विलैयामठ के पास सोमवार देर रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव नाले में पड़ा मिला। रविवार शाम युवक के दो दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। जसवंतनगर के कैस्त गांव से रविवार शाम यतेंद्र उर्फ सीटू (25) को नगला कुआं गांव के अश्वनी कुमार और कालू बुलाकर अपने साथ ले गए थे।
विज्ञापन
सोमवार रात तक युवक के वापस न आने पर भाई रिंकू की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि धारदार हथियार से युवक की गला रेत कर हत्या की गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। मृतक दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा गार्ड था और 13 सितम्बर को इटावा आया था। दो महीने पहले आरोपियों का सीटू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में वारदात की गई।