सुमेरपुर हाईवे में जाम लगाए लोगों को समझाते एएसपी अनूप कुमार।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। बुधवार रात त्रिवेणी मैदान में विवादित जमीन से पुलिस के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा उठाने से नाराज लोगों ने कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को खदेड़ा तो दो महिलाओं के घायल होने से आक्रोश पनप गया। एएसपी के समझाने व प्रतिमा को मौके पर लाए जाने पर साढ़े छह घंटे बाद जाम खुल सका।
त्रिवेणी मैदान में आंबेडकर अनुयायी 13 अप्रैल की शाम को प्रतिमा ले आए थे। पहले से बने चबूतरे पर प्रतिमा के सामने भजन-कीर्तन करने लगे। तभी दूसरे पक्ष ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रात दो बजे थानाध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह से की। पुलिस के हस्तक्षेपर पर लोगों ने विरोध क दिया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। लोगों का आरोप है कि प्रतिमा ले जाने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई। शकुंतला (55) व महामति (60) घायल हो गईं। नाराज लोगों ने रात 2:30 बजे कानपुर-सागर हाईवे पर पशु बाजार के सामने जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी प्रतिमा वापस लाने व निर्धारित स्थान पर लगवाने की मांग कर रहे थे। सीओ सदर विवेक यादव व तहसीलदार प्रमित सचान ने जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने प्रतिमा उसी स्थान पर लगाने का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। सुबह नौ बजे जाम खुल सका।