भीतरगांव (घाटमपुर, कानपुर)।
व्हाट्सअप चैट के जरिए दोस्त बनी एक युवती बुधवार को अपने पुरुष मित्र के गांव आ धमकी और शादी करने की जिद पर अड़ गई। इतना ही नहीं, युवती ने युवक के घर पर डेरा भी जमा लिया है। युवक के परिजन परेशान हैं। उन्होंने सूचना पुलिस चौकी में दी है। युवती ने खुद को अल्पसंख्यक समुदाय का बताया है।
भीतरगांव कस्बे के एक गांव निवासी युवक खेती-किसानी करता है। दो महीने पहले व्हाट्सअप चैटिंग के जरिए शाहजहांपुर निवासी एक युवती से उसकी दोस्ती हुई जो प्यार में बदल गई। युवती ने युवक का नाम-पता हासिल करने के साथ उसके साथ शादी करने का प्रस्ताव रख दिया। युवक ने बिना सोचे समझे उसे गांव आने का निमंत्रण दे दिया। बुधवार शाम युवती पता पूछते हुए युवक के गांव पहुंच गई और घर में डेरा जमा लिया। युवक के पिता ने पुलिस चौकी भीतरगांव पहुंचकर सारी घटना बताई।
चौकी इंचार्ज राजेश बाजपेई गांव पहुंचे और युवती के बारे में जानकारी हासिल की। युवती ने बताया कि वह शाहजहांपुर की रहने वाली है, और वकालत की पढ़ाई कर रही है। उसके पिता जेई हैं। सौतेली मां की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर अपना घर छोड़कर यहां आई है। वह धर्म परिवर्तन कर युवक के साथ शादी करेगी और अपना घर बसाएगी। चौकी इंचार्ज ने बताया कि फोन पर युवती के पिता से बात की गई तो उनका कहना है कि लड़की बालिग है, वह अपने भविष्य के बारे में निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है। उनको इस बारे में कुछ नहीं कहना है। पिता के इस बयान के बाद पुलिस और युवक के परिजन परेशान हैं। फिलहाल युवती गांव में युवक के घर पर ही डेरा जमाए हुए है।