राठ (हमीरपुर)। मुस्करा थानाक्षेत्र के बिहूनीकला के जंगल में असलहा फैक्टरी संचालित होने की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो भागने में कामयाब रहे। घायल बदमाश को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसपी श्लोक कुमार भी बिहूनीकला के जंगल पहुंचे। पुलिस ने कांबिंग शुरू की है।
एसपी श्लोक कुमार ने बताया बिहूनीकला के जंगल में असलहा फैक्टरी संचालित होने की जानकारी मिली थी। सूचना पुख्ता होने पर सोमवार देर शाम पुलिस टीम दबिश देने पहुंची। जहां पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए मोर्चा संभाल और जवाबी फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग में असलहा फैक्टरी संचालक घायल हुआ है।
जिसका नाम खिम्मा उर्फ खेमचंद्र पुत्र मइयादीन विश्वकर्मा निवासी बिहूनीकला है। आरोपी के बांए पैर में गोली लगी है। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया है। एसपी ने बताया दो बदमाश भागने में कामयाब रहे हैं। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई है। एसपी ने पुलिस टीमों के साथ जंगल में कांबिंग शुरू की है।