कानपुर देहात। कलक्ट्रेट में दफ्तर के बाहर बुधवार को वरिष्ठ कोषाधिकारी के एयरगन से निशानेबाजी करने का मामला तूल पकड़ गया। डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक जांच समिति गठित की गई है। एसपी केशव कुमार चौधरी ने भी मामले मेें जांच शुरू कराई है।
बुधवार को कलक्ट्रेट में वरिष्ठ कोषाधिकारी केके पांडेय दफ्तर के बाहर एयरगन से निशानेबाजी करने लगे। उनका किसी ने ये वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो में कई बार वह निशाना लगाकर फायरिंग करते दिखे। फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही थी। दफ्तर के बाहर अचानक फायरिंग जैसी तेज आवाज आने पर आसपास के कर्मचारी बाहर निकल आए थे। कोषाधिकारी का निशाना चूक जाता तो कोई जख्मी भी हो सकता था। साथ में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रूचि बाजपेई भी उनके हाथ से गन लेकर निशाना लगाते दिखीं। हालाकि वरिष्ठ कोषाधिकारी ने सफाई देते हुए एयर गन की सफाई करने की बात कही थी। मामला डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के पास पहुंचने पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि कोषाधिकारी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी के एयर गन से निशानेबाजी करने का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा ने बताया कि कोषाधिकारी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा कलक्ट्रेट में एयर गन से निशानेबाजी करने के मामले मेें प्रशासनिक जांच समिति बनाई है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।