कानपुर देहात। रनियां चौकी इंचार्ज को शुक्रवार देररात पशु तस्करों ने बोलेरो कार से कुचलने का प्रयास किया। बोलेरो कार सवार रात में पीछे आ रहे गोवंश लदे कंटेनर को पुलिस से बचाने के लिए लोकेशन ले रहे थे। गश्त के दौरान चौकी इंचार्ज ने हाईवे पर कार खड़ी देखी तो पास पहुंचे। तभी कार सवार उन्हें कुचलने का प्रयास करते हुए भाग गए। इस बीच पीछे से गोवंश व भैंस लदे दो कंटेनर आ गए। गोवंश लदे कंटेनर को छोड़कर उसमें सवार तस्कर मौके से भाग गए। पुलिस ने तीन नामजद व कई अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
हाईवे पर रनियां में राजेंद्रा चौराहे के पास गश्त के दौरान चौकी इंचार्ज अनुराग पांडेय को कार सवार पशु तस्करों ने कुचलने का प्रयास किया। वह बाल-बाल बच गए और कार सवार मौके से भागने में सफल हो गए। पुलिस ने पीछे आ रहे दो कंटेनरों को रोक लिया। एक ट्रक में 28 भैंस व दूसरे में 25 गोवंश लदे मिले। गोवंश लदे ट्रक को छोड़कर उसमें सवार लोग फरार हो गए। जबकि भैंस लादकर जा रहे कंटेनर में सवार चांदापुर भोगनीपुर के नूर आलम, नन्हौता जिला सहारनपुर के रहीस व नखनौती सहारनपुर के सादाब को पुलिस ने पकड़ लिया। कार चालक व गोवंश लदे ट्रक में सवार अज्ञात लोगों पर गोवध अधिनियम, पशुक्रूरता अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पकड़े गए लोगों ने पशुओं को उन्नाव ले जाने की जानकारी दी है। तीन पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रात में ही निकलते पशु लदे वाहन
पशु तस्कर गोवंश लदे कंटेनरों को निकालने के लिए रात में ही चलते हैं। गाड़ियों को सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने के लिए कार से आगे चलकर पुलिस की लोकेशन ली जाती है। रास्ते में कहीं पुलिस चेकिंग होती मिली तो ट्रकों को रोक दिया जाता है। शुक्रवार रात पशु तस्कर पुलिस की लोकेशन लेने के लिए आगे चल रहे थे तभी चौकी इंचार्ज के पहुंचने पर उन्हें कार से कुचलने का प्रयास किया। चौकी इंचार्ज ने बगल में हटकर जान बचाई। पकड़े गए लोगों ने पुलिस की पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
एएसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि दो ट्रक पकड़े गए हैं। उनमें गोवंश व भैंस लदे मिले हैं। तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की लोकेशन लेने वाले बोलेरो कार सवार भाग गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--
इसी कंटेनर में लदे थे पशु- फोटो : AKBARPUR
कंटेनर में लदे पशु- फोटो : AKBARPUR