कानपुर में बैंकों में शनिवार से शुरू हुई चार दिन की बंदी के चलते शुक्रवार को करीब चार सौ करोड़ रुपये निकाले गए। सामान्य दिनों में करीब ढाई सौ करोड़ रुपये की रोजाना निकासी होती है। शनिवार और रविवार को बैंक बंद हैं।
सोमवार और मंगलवार को बैंककर्मियों ने हड़ताल का आह्वान किया है। नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ बैंक इंप्लाइज के सचिव राजेंद्र अवस्थी ने बताया कि होली का त्योहार आ रहा है। व्यापारी वर्ग खरीदारी करने लगा है।
ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों ने कैश निकालकर रख लिया है। शहर में अलग-अलग बैंकों की 650 से अधिक शाखाएं हैं। सामान्य दिनों में 350 करोड़ रुपये रोजाना जमा होते हैं। इसके अलावा शहर में एक हजार से अधिक एटीएम हैं।
हालांकि चार दिन की बंदी के चलते परेशानी हो सकती है। लीड बैंक मैनेजर एके वर्मा ने बताया कि सभी बैंकों को एटीएम में नियमित समय पर कैश डालने के निर्देश दिए गए हैं।