पुलिस गिरफ्त में लूट की फर्जी सूचना देने के आरोपी।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। एक लाख आठ हजार रुपये लूटने की सूचना पुलिस की जांच में फर्जी पाई गई। सूचना देने वाले की कार से ही रुपये बरामद हो गए। पुलिस ने फर्जी सूचना देने पर सूचना कर्ता व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
कन्नौज जिले के ताहपुर गांव के ऋषभ पटेल ने केशरीनिवादा गांव में संध्या सिंह का मुर्गी फार्म किराए पर ले रखा है। ऋषभ कार लेकर ताहपुर गांव के साथी आकाश के साथ केशरी निवादा मुर्गी फार्म पर आया था। शनिवार देर शाम भेवान नहर पटरी से वापस कन्नौज जाते समय ऋषभ ने यूपी-112 को फोन पर लूट की सूचना दी। उसने बताया कि दो बाइक सवारों ने एक लाख आठ हजार रुपये लूट लिए हैं। हड़बड़ाई पुलिस ने नाकेबंदी कराई और मौके पर जाकर पड़ताल की तो सूचना गलत पाई गई। कोतवाली प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि ऋषभ की सूचना पर तत्काल लूट की रिपोर्ट दर्ज कर दरोगा लक्ष्मण सिंह, सतीश कुुमार, अंकित सिंह, शिवशंकर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। यहां ऋषभ की कार से एक लाख आठ हजार रुपये बरामद हुए। कार में ताहपुर का आकाश भी मौजूद था। कोतवाल ने बताया कि लूट की रिपोर्ट को झूठी सूचना देकर गुमराह करने और धोखाधड़ी आदि की धारा में तरमीम कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।